अधिकारियों ने बताया कि मुंबई से न्यूयॉर्क जाने वाला एयर इंडिया का विमान सोमवार को यहां हवाई अड्डे पर वापस लौटा, क्योंकि उसके शौचालय में बम की धमकी भरा नोट मिला। 320 से अधिक लोगों को लेकर जा रहा विमान सुरक्षित रूप से मुंबई में उतरा और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा इसकी अनिवार्य जांच की जा रही है। यहां सहार पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एक यात्री ने शौचालय में "विमान में बम है" संदेश लिखा नोट देखा और चालक दल को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि विमान को बाद में यहां छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। अधिकारी ने बताया, "अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है और हम जांच कर रहे हैं।" उन्होंने बताया कि वे मामले के संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में हैं। एक सूत्र ने बताया कि बोइंग 777-300 ईआर विमान में 19 चालक दल के सदस्यों सहित 322 लोग सवार थे।
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा, "सोमवार को मुंबई-न्यूयॉर्क (जेएफके) संचालित एआई119 में उड़ान के दौरान संभावित सुरक्षा खतरे का पता चला। आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद, विमान में सवार सभी लोगों की सुरक्षा के हित में विमान को वापस मुंबई ले जाया गया।" इसने कहा कि विमान सुबह 10.25 बजे सुरक्षित रूप से मुंबई में उतरा। एयरलाइन ने कहा, "विमान की सुरक्षा एजेंसियों द्वारा अनिवार्य जांच की जा रही है और एयर इंडिया अधिकारियों को अपना पूरा सहयोग दे रही है।"
इसने कहा कि उड़ान को मंगलवार सुबह 5 बजे संचालित करने के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है और सभी यात्रियों को तब तक होटल में ठहरने, भोजन और अन्य सहायता की पेशकश की गई है। इसने कहा, "हमारे ग्राउंड पर मौजूद सहकर्मी इस व्यवधान के कारण हमारे यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम से कम करने का प्रयास कर रहे हैं। हमेशा की तरह, एयर इंडिया यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।"