ताजा खबर

भाई दूज पर पत्नी गई थी मायके, इधर छत से गिरकर रेलवे कर्मचारी की मौत; दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Photo Source : Google

Posted On:Thursday, November 12, 2026

झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में भाई दूज के दिन एक दर्दनाक हादसे ने परिवार को कभी न भूलने वाला गम दे दिया। पत्नी अपने भाई को टीका लगाने मायके गई हुई थी, जबकि पति घर पर अकेले थे। पत्नी को बस में बैठाकर लौटने के बाद रेलवे कर्मचारी दीपक कुमार घर की छत पर रखे पौधों के गमले ठीक करने लगे। तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुनकर मायके में मौजूद पत्नी बेसुध हो गई।

हादसा प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पुलिया नंबर-9 के पास न्यू कछियाना मोहल्ले में हुआ। 35 वर्षीय दीपक कुमार रेलवे में ट्रॉली मैन के पद पर तैनात थे। उनके बड़े भाई भानु प्रताप ने बताया कि दीपावली की छुट्टियां होने के कारण दीपक घर पर थे। भाई दूज से एक दिन पहले मंगलवार दोपहर उन्होंने पत्नी आरती को बंगरा जाने वाली बस में बैठाया था। इसके बाद वह घर लौट आए थे। आरती अपने मायके में भाई को टीका करने गई थीं।

छत पर नहीं थी बाउंड्री, गमले ठीक करते वक्त हुआ हादसा

भानु प्रताप ने बताया कि उनका मकान एक मंजिला है और छत के चारों तरफ सुरक्षा के लिए बाउंड्री नहीं बनी है। छत के किनारों पर पौधों के गमले रखे हुए थे। मंगलवार शाम करीब 4 बजे दीपक इन गमलों को व्यवस्थित करने के लिए छत पर गए थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे नीचे सड़क पर जा गिरे। घरवाले उन्हें पहले रेलवे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां से मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें हादसे की पूरी तस्वीर दिखाई देती है। वीडियो में सबसे पहले एक गमला छत से नीचे गिरता है और कुछ ही देर बाद दीपक भी सड़क पर गिर जाते हैं। वह चेहरे और पेट के बल नीचे आकर गिरते दिखाई देते हैं। पुलिस फुटेज के साथ हादसे से जुड़ी दूसरी परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। दीपक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया

दीपक की रेलवे में नियुक्ति 2015 में हुई थी। दो साल बाद 2017 में उनकी शादी बंगरा की रहने वाली आरती से हुई। दंपती के दो बेटे हैं, 7 साल का नृत्यांश और 3 साल का भोला। भाई दूज के मौके पर आरती अपने भाई को तिलक कर रही थीं, तभी घर से आई पति की मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। इस हादसे के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।


झाँसी, देश और दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. jhansivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.