झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में पैकेज्ड पानी की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने एक पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर यूनिट पर छापा मारकर मशहूर ब्रांड से मिलता-जुलता नाम इस्तेमाल करने वाली 2,000 से ज्यादा पानी की बोतलें जब्त की हैं। टीम ने पानी के सैंपल भी लेकर जांच के लिए भेजे हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी दी।
एफएसएसएआई के अनुसार, यूनिट के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और बोतलों पर उत्पाद से जुड़ी जानकारी लिखने के नियमों में गड़बड़ी पाई गई। इसके बाद संबंधित ब्रांड को नोटिस जारी किया गया और पानी की बोतलों के नमूने जांच के लिए भेजे गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पानी की गुणवत्ता को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी।
इससे पहले एफएसएसएआई ने बोतलबंद पानी बनाने वाली कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी थी। कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल जांच में असुरक्षित पाए गए थे। एफएसएसएआई के मुताबिक, कंपनी के परिसर से लिए गए नमूने में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली थी। कंपनी की अपील के बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, जहां जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) भी पाए गए। इसके बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत मुकदमा चलाने की अनुमति दी गई। एफएसएसएआई ने साफ किया कि यह मामला पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर से जुड़ा है, मिनरल वॉटर से नहीं।
बिसलेरी ने दी सफाई
बिसलेरी ने इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए पानी को पीने के लिए पूरी तरह सुरक्षित बताया है। कंपनी के अनुसार, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। शुरुआती जांच में छह में से पांच सैंपल तय मानकों पर खरे उतरे थे। कंपनी ने फरवरी 2026 में एक स्वतंत्र लैब की रिपोर्ट भी एफएसएसएआई को सौंपी थी। बिसलेरी ने कहा है कि वह अपने गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर प्रतिबद्ध है और जांच में पूरा सहयोग कर रही है।