झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के वार्ड नंबर 40 में बिजली लाइन का काम कर रहे मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नए बिजली पोल पर लाइन कसने का काम कराया जा रहा था, लेकिन मौके पर मजदूरों के पास जरूरी सेफ्टी उपकरण नजर नहीं आए। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
मौके पर कुछ मजदूर पोल पर बैठकर काम करते दिखे। उनके पास न तो ग्लव्स थे, न हेलमेट और सेफ्टी शूज नजर आए। इसके अलावा पोल पर काम करते समय इस्तेमाल होने वाली सुरक्षा बेल्ट भी नहीं थी। वहीं, कुछ अन्य मजदूर पोल के नीचे खड़े होकर काम में लगे हुए थे।
मामले को लेकर नंदनपुरा पावर हाउस के जेई से जानकारी लेने के लिए फोन किया गया। दो बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में बिना सुरक्षा उपकरणों के काम क्यों कराया जा रहा था, इस पर विभाग की ओर से कोई जवाब सामने नहीं आया।
बिजली के पोल पर ऊंचाई पर काम करने के दौरान सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल बेहद जरूरी माना जाता है। ऐसे में वार्ड 40 में सामने आई यह तस्वीर बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। यह रिपोर्ट दैनिक भास्कर के लिए झांसी से माला सिंह ने भेजी है।