झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के सीपरी ओवरब्रिज पर देर रात करीब 1:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।
मृतकों में सीपरी बाजार के आर्य कन्या चौराहा निवासी 22 वर्षीय रूद्राक्ष बाजपेई और रानी लक्ष्मीनगर रेलवे कॉलोनी निवासी सक्षम शामिल हैं। हादसे के समय सक्षम अपने दोस्त बरुआसागर निवासी सोमिल के साथ बाइक पर सवार था।
जानकारी के अनुसार, रूद्राक्ष स्कूटी से इलाइट चौराहे की ओर जा रहा था। जैसे ही वह सीपरी ओवरब्रिज पर पहुंचा, सामने से आ रही बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने रूद्राक्ष और सक्षम को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोमिल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।