झांसी न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के झांसी-कानपुर हाईवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। चिरगांव के औपरा गांव के पास पहले एक ऑटो आगे चल रहे हार्वेस्टर से टकरा गया। इसी दौरान पीछे से आ रही प्राइवेट शताब्दी बस भी ऑटो से जा भिड़ी। दो वाहनों के बीच फंसने से ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों युवकों की जान चली गई।
हादसा बुधवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोंठ से झांसी की ओर जा रहा ऑटो औपरा गांव के पास आगे चल रहे हार्वेस्टर में पीछे से घुस गया। अचानक हुई टक्कर के कारण पीछे से आ रही शताब्दी बस का चालक भी वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस ऑटो से टकरा गई। ऑटो में सब्जियां ले जाने वाले कैरेट रखे हुए थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ऑटो सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर चिरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ मोंठ सुनील शर्मा के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है। साथ ही हादसे से जुड़े हालात की जांच की जा रही है।