ताजा खबर

झांसी में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक से टकराई बाइक; भाई-बहन की मौत

Photo Source : Google

Posted On:Saturday, May 16, 2026

झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। नेशनल हाईवे-27 पर महबूसा ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों करीब 10 मीटर दूर जाकर गिरे और बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

मृतकों की पहचान जालौन जिले के दहेगुवा गांव निवासी 18 वर्षीय यीशु अहिरवार और उसकी 22 वर्षीय बहन शिवानी के रूप में हुई है। शिवानी बीए की छात्रा थी, जबकि यीशु 11वीं कक्षा में पढ़ता था। दोनों अपनी बड़ी बहन के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे और अपने साथ करीब पांच लाख रुपये के जेवर भी ले जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक सड़क किनारे वाहन खड़ा कर गुटखा लेने गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पीछे से ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद बरामद बैग, जेवर और नकदी परिजनों को सौंप दी गई। परिवार में इस हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है और शादी की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं।


झाँसी, देश और दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. jhansivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.