झांसी न्यूज डेस्क: नई दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार देर शाम झांसी में सपाइयों ने इलाइट चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर नवाबाद थाने पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन के समर्थन में अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसकी जानकारी मिलते ही झांसी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए।
सपा के प्रदेश सचिव महेश कश्यप, छात्र सभा के जिलाध्यक्ष विश्वप्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वदेश यादव, अरविंद वशिष्ठ, हामिद मकारानी, सत्येंद्र पुरी गोस्वामी, रघुवीर चौधरी समेत कई कार्यकर्ताओं ने इलाइट चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
सूचना मिलने पर नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बिना अनुमति प्रदर्शन करने तथा सड़क जाम करने के आरोप में 12 सपाइयों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। करीब ढाई घंटे बाद सभी को मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
नवाबाद थाना प्रभारी रवि प्रकाश ने बताया कि बिना अनुमति सड़क जाम कर प्रदर्शन करने के मामले में कार्रवाई की गई थी। वहीं, सपा नेताओं का आरोप है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने जबरन कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।