झांसी न्यूज डेस्क: आगरा के ताजमहल परिसर में शनिवार को एक दक्षिण कोरियाई महिला पर्यटक पर बंदर ने हमला कर दिया। बंदर ने महिला के हाथ पर काट लिया, जिससे वह दर्द से परेशान हो गईं। घटना के बाद उनके साथ मौजूद साथी ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक मदद नहीं पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब एक घंटे तक एम्बुलेंस नहीं आने पर महिला के साथी ने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी और पूछा, "व्हेयर वी गो?" यानी अब हम कहां जाएं? इसके बाद लोगों की मदद से घायल महिला को ताजमहल परिसर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद महिला को गोल्फ कार्ट के जरिए ताजमहल परिसर से बाहर लाकर आगे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद एम्बुलेंस सेवा में हुई देरी को लेकर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने नाराजगी जताई है। एएसआई ने पूरे मामले की रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को भेजते हुए संबंधित एम्बुलेंस चालक के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है।