झांसी न्यूज डेस्क: वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निहंग हाथ में तलवार लेकर दूरंतो एक्सप्रेस के इंजन के सामने रेलवे ट्रैक पर कूद गया। उसे पटरी पर देखते ही लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इसके बाद निहंग करीब 10 मिनट तक तलवार लेकर ट्रैक के बीच खड़ा रहा, जिससे यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
रेलवे स्टाफ ने उसे ट्रैक से हटाने की कोशिश की, लेकिन वह तलवार लहराकर सभी को पीछे रहने के लिए कहता रहा। इसी दौरान ट्रेन में सवार दो सिख यात्री उसके पास पहुंचे और बातचीत कर उसे समझाने की कोशिश की। काफी देर तक समझाने के बाद निहंग ट्रैक से प्लेटफॉर्म पर आया, हालांकि कुछ देर बाद वह फिर पटरी पर चला गया। दोनों यात्रियों ने लगातार उससे बात की और आखिरकार उसे शांत कर ट्रैक से हटाया।
मामला ट्रेन नंबर 12286 हजरत निजामुद्दीन-सिकंदराबाद दूरंतो एक्सप्रेस का है। ट्रेन रात करीब 8:42 बजे प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची थी। इसी दौरान निहंग अचानक इंजन के सामने पटरी पर कूद गया। उसके पास नंगी तलवार होने के कारण रेलवे स्टाफ और यात्री उससे दूरी बनाए रहे। निहंग के ट्रैक से हटने के बाद ट्रेन को सिकंदराबाद के लिए रवाना कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि निहंग भी इसी ट्रेन में सवार था। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी योगेश के मुताबिक, शुरुआती जांच में उसके साथियों से विवाद की बात सामने आई है, जिसके बाद उसने हंगामा किया। सुरक्षा बलों के मौके पर पहुंचने से पहले ट्रेन रवाना हो चुकी थी। अब आरपीएफ स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से निहंग की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।