झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में सड़क हादसे में 22 साल के युवक की मौत हो गई। रिहान खान रिसोर्ट में काम करने के बाद स्कूटी से घर लौट रहा था। स्कूटी उसका दोस्त यशपाल चला रहा था। विश्वविद्यालय चौकी के पास तेज रफ्तार स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई, जिससे रिहान का सिर डिवाइडर से जा टकराया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान बुधवार को ग्वालियर के एक प्राइवेट अस्पताल में उसकी मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कूटी डिवाइडर से टकराने के बाद करीब 15 फीट तक घिसटती नजर आ रही है।
रिहान शिवाजी नगर में आरटीओ ऑफिस के पास रहने वाले बाइक मैकेनिक मोहम्मद हनीफ का इकलौता बेटा था। उसकी दो बड़ी बहनें खुशी खान और अलीशा हैं। रिहान बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से बीपीएड की पढ़ाई कर रहा था और पढ़ाई के साथ करगुआजी के पास एलएस रिसोर्ट में काम करता था। परिवार के मुताबिक, बुधवार तड़के करीब 3:10 बजे वह रिसोर्ट से घर लौट रहा था।
रिहान के पिता मोहम्मद हनीफ ने बताया कि विश्वविद्यालय चौकी से आगे पिज्जा हंट के पास पहुंचते ही स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद रिहान के मोबाइल से उसकी बड़ी बहन के पास कॉल आया, जिसके बाद परिवार को घटना की जानकारी हुई। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने पर ग्वालियर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान रिहान ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को झांसी लेकर आए और पुलिस को सूचना दी। हादसे में स्कूटी चला रहे यशपाल को मामूली चोटें आई हैं। रिहान की मौत के बाद मां नूरी समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विश्वविद्यालय चौकी इंचार्ज निखिल कुमार सिंह ने बताया कि स्कूटी के डिवाइडर से टकराने के कारण रिहान की मौत हुई। बुधवार को पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया और रात में परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस के मुताबिक, अभी तक परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।