झांसी न्यूज डेस्क: झांसी को केंद्र सरकार की ओर से बड़ी सौगात मिली है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने शहर के दक्षिणी हिस्से में चार लेन ग्रीनफील्ड बाईपास निर्माण को प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के पूरा होने से शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और हाईवे कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
करीब 631.73 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह बाईपास एनएच-44 पर बंगाय खास गांव से शुरू होकर एनएच-39 पर ओरछा तिगेला तक जाएगा। इसकी कुल लंबाई 15.572 किलोमीटर होगी। हालांकि, परियोजना के लिए पर्यावरणीय मंजूरी की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
इस बाईपास का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन) मोड पर कराया जाएगा। निर्माण कार्य पर लगभग 427.29 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 6 मार्च को इस परियोजना को एसएफसी से मंजूरी मिल चुकी है और इसकी निगरानी उच्च स्तरीय समिति करेगी।
परियोजना को लेकर सांसद अनुराग शर्मा ने खुशी जताते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस बाईपास की मांग की जा रही थी, और इसके बनने से बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
बाईपास बनने के बाद भारी वाहनों को शहर में प्रवेश करने की जरूरत नहीं होगी, जिससे जाम की समस्या कम होगी। खासकर ललितपुर से कानपुर जाने वाले वाहनों को सीधा मार्ग मिलेगा। इससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि ईंधन की खपत भी कम होगी और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।