झांसी न्यूज डेस्क: प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मधुबन गार्डन में रविवार रात एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब जयमाला के बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच कथित तौर पर दहेज और अतिरिक्त पैसों की मांग को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दुल्हन पक्ष का आरोप है कि बारात का स्वागत पूरे सम्मान के साथ किया गया था, लेकिन समारोह के दौरान कुछ लोगों को जुआ खेलने से रोकने पर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिवार का कहना है कि किसी तरह जयमाला की रस्म पूरी कराई गई, लेकिन बाद में दूल्हा पक्ष ने लाखों रुपये की अतिरिक्त मांग रख दी। मांग पूरी न होने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि दुल्हन के भाइयों और रिश्तेदारों को स्टेज के पीछे ले जाकर पीटा गया, जबकि महिलाएं हाथ जोड़कर विवाद शांत कराने की कोशिश करती रहीं।
हंगामे के बाद शादी की बाकी रस्में पूरी नहीं हो सकीं। न सात फेरे हुए और न ही दुल्हन की विदाई हो पाई। दुल्हन ने भी दूल्हे के साथ जाने से इनकार कर दिया। परिवार का कहना है कि जिस घर में शादी के दिन ही मारपीट और धमकी का माहौल हो, वहां बेटी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती। देर रात दूल्हा पक्ष बिना दुल्हन को साथ लिए ही वापस लौट गया।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने जाते समय रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। बाद में किसी तरह वे थाने पहुंचे और तहरीर दी। दुल्हन पक्ष का कहना है कि शादी में कार, नकदी और अन्य सामान पहले ही दिया जा चुका था, इसके बावजूद लगातार दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को भी अहम सबूत माना जा रहा है।