ताजा खबर

‘मुलाकात करने आ रहा हूं, थोड़ी देर हो गई…’, अबान के आखिरी शब्द, भाई अली की आंखों से छलके आंसू

Photo Source : Google

Posted On:Saturday, August 8, 2026

झांसी न्यूज डेस्क: माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत की खबर ने झांसी जेल में बंद उसके बड़े भाई अली अहमद को तोड़कर रख दिया। अबान गुरुवार को अली से मिलने झांसी जेल जा रहा था। जेल पहुंचने से पहले उसने एक दरोगा से फोन पर कहा था, “मुलाकात करने आ रहा हूं, थोड़ी देर हो गई…” इसके कुछ ही देर बाद हाईवे पर एक जानवर को बचाने के दौरान उसकी कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य दोस्त घायल हो गए। जब अली को भाई की मौत की खबर मिली तो वह फूट-फूटकर रोने लगा और कहा, “अब भाई भी मुझे छोड़कर चला गया।”

जेल सूत्रों के मुताबिक, अली पूरी रात सो नहीं सका और बार-बार हादसे के बारे में पूछता रहा। आम दिनों में सुबह एक्सरसाइज करने और लोगों से बातचीत करने वाला अली शुक्रवार को अपनी कोठरी से बाहर नहीं निकला। उसने सुबह सिर्फ हल्का नाश्ता किया। अबान अपने बड़े भाई के काफी करीब था और लगभग हर महीने तीन-चार बार उससे मिलने झांसी जेल आता था। दोनों की मुलाकात के दौरान जेल जवान और एलआईयू के कर्मचारी मौजूद रहते थे। अबान अक्सर अली के लिए नॉवेल और किताबें लेकर आता था। हादसे के बाद कार से ‘द स्टेशनरी शॉप ऑफ तेहरान’ और ‘द इडियट’ नाम की दो किताबें भी मिलीं।

अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए झांसी जेल में बंद अली और लखनऊ जेल में बंद उमर ने हाईकोर्ट में पैरोल की अर्जी दी थी। शुक्रवार को दोनों वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुए और भाई के जनाजे में शामिल होने की इच्छा जताई। दोनों ने भरोसा दिया कि वे इस दौरान मीडिया से बात नहीं करेंगे, सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट नहीं करेंगे और किसी सभा या दूसरे कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे। हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि दोनों को सीधे जेल से कसारी-मसारी कब्रिस्तान ले जाया जाए, जहां उन्हें अपने छोटे भाई अहजम और बुआ परवीन कुरैशी से एक घंटे तक मिलने की अनुमति होगी। पूरी मुलाकात पुलिस की निगरानी में होगी।

अतीक अहमद की बहन परवीन कुरैशी ने अली और उमर की पैरोल के लिए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। उनके वकील मोहम्मद सफदर अली काजमी ने कोर्ट में पक्ष रखा। जस्टिस अजय भनोट और डीसी सामंत की पीठ ने मामले में आदेश दिया। इसके बाद झांसी जेल प्रशासन ने अली को पुलिस सुरक्षा में प्रयागराज ले जाने के लिए SSP को पत्र लिखा है। राज्य सरकार और डीजीपी को दोनों की सुरक्षा और जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


झाँसी, देश और दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. jhansivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.