झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में बुधवार की दोपहर आई तेज़ बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। पुराने शहर से लेकर नई बस्तियों तक कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। महज 30 मिनट की बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। खास बात ये रही कि बारिश से पहले नगर निगम ने जल निकासी के इंतज़ाम को लेकर बड़े-बड़े दावे किए थे, जो पूरी तरह फेल होते नज़र आए।
शहर के इटवारीगंज, नरिया बाजार, दतिया गेट, खुशीपुरा, एबट मार्केट, रक्सा और नंदनपुरा जैसे इलाकों में नाले चोक हो गए, जिससे पानी का बहाव सड़कों पर फैल गया। कई जगह पानी का स्तर इतना बढ़ गया कि वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए। नरिया बाजार और खुशीपुरा में सड़क पार करना मुश्किल हो गया था, क्योंकि करीब 4 फीट तक पानी भर चुका था। इससे ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया।
नगर निगम ने बारिश से पहले अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया था और दावा किया गया था कि इससे जल निकासी आसान हो जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी सहयोग करते हुए अपने घरों के आगे बने स्लैब तक तोड़ दिए थे, लेकिन बुधवार की बारिश ने दिखा दिया कि ज़मीनी हालात बिल्कुल अलग हैं। जलभराव की वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोपहर करीब 1.20 बजे तक झांसी में उमस और गर्मी से लोग परेशान थे, लेकिन उसके कुछ देर बाद शुरू हुई बारिश से मौसम में राहत ज़रूर मिली। बारिश के चलते झांसी का तापमान भी गिरा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.07 डिग्री सेल्सियस था जो बुधवार को घटकर 33 डिग्री रह गया। मौसम विभाग के अनुसार, झांसी में 28 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है और तापमान में एक डिग्री तक और गिरावट हो सकती है।