झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के बबीना कस्बे में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने एक नवविवाहित परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। कहासुनी के बाद पति ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जबकि कुछ देर बाद पत्नी ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना सोमवार रात इमलीपुरा मोहल्ले की है। यहां रहने वाले सागर साहू (32) की शादी 25 नवंबर 2025 को लखनऊ निवासी राधा राठौर (30) से हुई थी। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और बाद में परिवार की सहमति से उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद दोनों मध्य प्रदेश के अशोकनगर में रह रहे थे।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात दोनों किसी काम को लेकर बबीना स्थित घर आए थे। देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद सागर ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे पहले बबीना सीएचसी और फिर झांसी मेडिकल कॉलेज लेकर रवाना हुए।
इसी दौरान घर से फोन आया कि राधा ने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राधा बाहर जाकर नौकरी करना चाहती थी, जबकि इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। राधा एक निजी कंपनी के लिए वर्क फ्रॉम होम करती थी और सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती थी। वहीं, सागर एसी और फ्रिज रिपेयरिंग का काम करता है।
घटना की सूचना मिलने पर राधा के पिता श्यामसुंदर, जो लखनऊ के बालागंज के रहने वाले हैं, झांसी पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए बबीना थाने में शिकायत दी है। उनका आरोप है कि उनकी बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जाता था और इसी वजह से उसने आत्महत्या की। उन्होंने यह भी दावा किया कि सागर ने बाद में खुद को बचाने के लिए जहर खाने का नाटक किया।
पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सागर अभी अस्पताल में भर्ती है और उसके बयान के बाद पूरे मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।