झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के बबीना कस्बे में घरेलू विवाद ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। सोमवार और मंगलवार की रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पति ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे इलाज के लिए पहले बबीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से गंभीर हालत में झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
परिजन सागर को लेकर झांसी जा रहे थे, तभी घर से एक फोन आया जिसने सभी को झकझोर दिया। घर में अकेली रह गई उसकी पत्नी राधा ने दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, बबीना थाना क्षेत्र के गणेश मंदिर के पास रहने वाले हरीशंकर साहू के छोटे बेटे सागर साहू की शादी 25 नवंबर 2025 को लखनऊ निवासी श्याम सुंदर राठौर की बेटी राधा राठौर से हुई थी। सोमवार रात करीब 11 बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद सागर ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, सागर का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद की वजह का पता लगाने में जुटी है।