झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 69 वर्षीय मामा की कथित तौर पर उनके ही भांजे ने प्रॉपर्टी विवाद में हत्या कर दी। आरोप है कि भांजे ने अपने साले और एक अन्य साथी के साथ मिलकर पहले मामा का अपहरण किया, फिर गला दबाया, सिर पत्थर से कुचला और पेट्रोल डालकर उन्हें जिंदा जला दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके साले को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, महोबा के दिदवारा गांव निवासी नेपाल सिंह तोमर पिछले 30 वर्षों से अपनी बहन सुधा के घर झांसी के लहचूरा थाना क्षेत्र में रह रहे थे। उन्होंने शादी नहीं की थी और अपनी जमीन बहन, बहनोई और भांजे प्रीतम के नाम कर दी थी। बताया जा रहा है कि प्रीतम अपनी जमीन बेच चुका था और अब मां के नाम की जमीन भी बेचना चाहता था, जिसका नेपाल सिंह लगातार विरोध करते थे।
परिजनों का आरोप है कि 27 जून को प्रीतम ने अपने बड़े मामा को फोन कर धमकी दी थी कि यदि नेपाल सिंह घर से नहीं गए तो उन्हें जान से मार देगा। 28 जून की रात नेपाल सिंह घर के बाहर सो रहे थे। आरोप है कि देर रात प्रीतम अपने साथियों के साथ कार से पहुंचा और उन्हें चादर समेत उठाकर ले गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले रास्ते में उनका गला दबाया। जब उनकी मौत नहीं हुई तो उन्हें मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के करारागंज जंगल ले जाकर पत्थर से सिर कुचल दिया और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
29 जून को नेपाल सिंह के लापता होने पर परिवार ने गुमशुदगी दर्ज कराई। 2 जुलाई को जला हुआ शव मिलने के बाद मामला हत्या में बदल गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और शनिवार देर रात मुख्य आरोपी प्रीतम और उसके चचेरे साले गोलू उर्फ राजा सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है और तीसरे आरोपी अनुज की तलाश जारी है।
इसी बीच उत्तर प्रदेश के आगरा में भी एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और उसके ऊपर टाइल्स लगवा दीं। करीब 45 दिनों तक वह पति के लापता होने की कहानी सुनाती रही। पुलिस वेरिफिकेशन के दौरान पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।