झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के बबीना थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ही बेटे पर घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरामशीन निवासी श्रीमती शशि गुप्ता ने बबीना थाना प्रभारी को दी गई शिकायत में बताया कि वह 22 जून 2026 को रिश्तेदारी में डबरा (ग्वालियर, मध्य प्रदेश) जाने वाली थीं। घर से निकलने से पहले जब उन्होंने अलमारी में रखे जेवर देखे तो वे गायब मिले।
उन्होंने बताया कि डबरा से लौटने के बाद भी जेवर नहीं मिले। परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ करने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में उन्हें पता चला कि उनके बेटे शिवम गुप्ता ने ही कथित तौर पर जेवर चुरा लिए हैं।
महिला के अनुसार, चोरी हुए सामान में 357 तोला सोना, 1 किलोग्राम चांदी और 200 ग्राम सोने के सिक्के शामिल हैं। इसके अलावा 9 सोने के हार, 5 सेट कड़े, 5 सोने की चेन, 35 अंगूठियां, 18 सेट चूड़ियां, 4 सेट कंगन, 5 जोड़ी कान के सेट, 8 जोड़ी कानफूल, 6 कंगन, 2 नथनी, 1 बाजूबंद, 1 हथफूल और 10 लौंग भी गायब हैं।
महिला ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। बबीना थाना प्रभारी विनय कुमार साहू ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।