झांसी न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित नवाबाद थाना क्षेत्र में एक महिला से दिनदहाड़े मंगलसूत्र छीनकर भागने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने महज 9 घंटे के भीतर दबोच लिया। शिवाजी नगर निवासी रानी राजपूत जब अपने बेटे को स्कूल से लेकर घर लौट रही थीं, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से मंगलसूत्र पार कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और जांच शुरू की।
घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को बदमाशों का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी फिर से किसी वारदात को अंजाम देने के लिए मुस्तरा से कैलाश रेजीडेंसी मार्ग की तरफ जा रहे हैं। खबर मिलते ही पुलिस ने इलाके में तुरंत घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखकर बदमाशों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जिसकी पहचान ब्रजेंद्र के रूप में हुई है। अपने साथी को गोली लगता देख दूसरे बदमाश आशीष ने डर के मारे मौके पर ही पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए झांसी जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि दूसरे आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ब्रजेंद्र पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से छीना गया मंगलसूत्र, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, तमंचे और कारतूस बरामद कर लिए हैं।