झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के शहर कोतवाली इलाके में रविवार को एक युवक ने जमकर हंगामा किया। उसने नगर निगम की पार्किंग में खड़ी करीब पांच कारों के शीशे पत्थर मारकर तोड़ दिए। इसके बाद वह थाने के सामने सड़क पर बैठ गया और हंगामा करने लगा। उसे सड़क से हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। युवक की पहचान वसीम के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा है। घटना के वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
शहर कोतवाली के पास नगर निगम की पार्किंग है, जहां लोग अपनी कारें खड़ी करते हैं। रविवार दोपहर वसीम ने वहां खड़ी एक के बाद एक करीब पांच कारों के शीशे पत्थर से तोड़ दिए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पकड़कर थाने ले आई। हालांकि, थाने में भी वह शोर-शराबा करने लगा।
इसी बीच वसीम के परिवार वाले थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि वसीम की मानसिक हालत ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा है। परिजनों ने इससे जुड़े कागजात भी दिखाए। इसके बाद पुलिस ने वसीम को उनके हवाले कर दिया और उसे घर ले जाने के लिए कहा।
लेकिन थाने से बाहर निकलते ही वसीम फिर हंगामा करने लगा और कोतवाली के सामने बीच सड़क पर बैठ गया। पुलिस ने पहले उसे समझाकर हटाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना तो पुलिसकर्मियों ने उसे खींचकर सड़क से उठाया। इसके बाद परिजन उसे अपने साथ घर ले गए। युवक के हंगामे और पुलिस की कार्रवाई के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।