झांसी न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक 36 वर्षीय युवक का शव उसके घर के बाहर चबूतरे पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कल्याण अहिरवार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि जमीन के विवाद में कुछ लोगों ने पहले उसे अपने घर बुलाया, शराब पिलाई और बाद में उसकी हत्या कर शव घर के बाहर फेंक दिया। घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के बावलटांडा गांव की है।
मृतक की मां रामकुमारी का कहना है कि 24 जून को दो लोग कल्याण को अपने साथ ले गए थे। अगले दिन भी वह उन्हीं के पास था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। मां का आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद आरोपियों ने उसके बेटे की हत्या कर दी। जब वह शाम को बकरी चराकर घर लौटीं तो कल्याण का शव चबूतरे पर पड़ा मिला।
परिजनों के मुताबिक, परिवार का लंबे समय से चार बीघा जमीन के पट्टे को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक के बड़े भाई करण अहिरवार ने बताया कि इस जमीन को लेकर पहले से रंजिश थी और मामला अदालत तक पहुंच चुका था। उनका आरोप है कि इसी विवाद के चलते कल्याण को निशाना बनाया गया।
वहीं, पुलिस ने हत्या की आशंका से फिलहाल इनकार किया है। बड़ागांव थाना प्रभारी बलराज शाही के अनुसार, शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि कल्याण ने अत्यधिक शराब पी रखी थी और तेज धूप में लंबे समय तक पड़े रहने तथा समय पर पानी-खाना न मिलने के कारण उसकी मौत हुई। पुलिस का कहना है कि शव पर मारपीट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।