झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 44 वर्षीय किसान की मौत हो गई। गणेशगढ़ मोहल्ला निवासी मोनू वंशकर को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के मुताबिक, मोनू वंशकर अपने भाई सोनू के साथ फसल में छिड़काव के लिए दवा खरीदने गया था। दोनों एक साथ वापस लौट रहे थे, लेकिन घर में काम होने के कारण सोनू पहले ही निकल गया, जबकि मोनू पीछे-पीछे आ रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव से करीब एक किलोमीटर पहले खाती बाबा मंदिर के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने मोनू को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर भाई सोनू उसकी तलाश में निकला। मंदिर के पास मोनू का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रक्सा थाना प्रभारी उदय सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।