झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के प्रेमनगर क्षेत्र में एमबीए पास तारिक बेग (40) की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मशारिक के बाद उसके साले तालिब उर्फ असद खान को भी गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले 11 दिनों से फरार चल रहा था। पूछताछ में तालिब ने खुलासा किया कि हत्या की साजिश करीब 13 दिन पहले ही रच ली गई थी, जिसमें मशारिक की पत्नी मुस्कान भी शामिल थी।
पुलिस के मुताबिक 9 फरवरी को चाय के बहाने तारिक को जगाया गया और फिर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई। आरोपियों की योजना शव को कार से जंगल या नदी में ठिकाने लगाने की थी, लेकिन घर के बाहर सड़क निर्माण का मलबा होने के कारण कार नहीं निकल सकी। इसके बाद घर के अंदर ही करीब पांच घंटे तक गड्ढा खोदकर शव दफनाया गया। बदबू और खून के निशान छिपाने के लिए नमक की परतें डाली गईं, सीमेंटेड ईंटें लगाईं और ऊपर कूलर रख दिया गया।
हत्या के बाद आरोपी खून से सने कपड़े और मोबाइल फोन को सुनसान इलाके में जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश करते रहे। वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, चाकू, गैंती और फावड़ा बड़े नाले में फेंक दिए गए, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। मशारिक वारदात के बाद सामान्य जीवन जीता रहा और भाई की तलाश का दिखावा करता रहा, जिससे शुरुआत में किसी को शक नहीं हुआ।
जांच में सामने आया कि प्रॉपर्टी और पैसों के लालच में इस साजिश को अंजाम दिया गया। मशारिक ने 8 दिसंबर को मुस्कान से प्रेम विवाह किया था और तीनों चाहते थे कि तारिक की शादी न हो, ताकि माता-पिता की संपत्ति पर उनका कब्जा रहे। प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडेय ने बताया कि मशारिक और तालिब को जेल भेज दिया गया है, जबकि मुस्कान अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।