रूटीन चेकअप के दौरान डॉक्टरों के सामने हार्ट अटैक आने से गई झांसी के ADM साहब की जान

Photo Source : Patrika

Posted On:Friday, September 20, 2024

झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के एडीएम नमामि गंगे अशोक कुमार सिंह गुरुवार को लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में रूटीन चेकअप के लिए पहुंचे, जहां डॉक्टरों के सामने उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई। 9 सितम्बर को झांसी में हार्ट अटैक आने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इसके बाद 10 सितम्बर को मेदांता में उनकी एंजियोग्राफी की गई थी और स्टेंट डाला गया था।

रूटीन चेकअप के लिए हॉस्पिटल पहुंचे एडीएम अशोक कुमार सिंह को डॉक्टरों के सामने अचानक फिर से हार्ट अटैक आया और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। एडीएम नमामि गंगे अशोक कुमार सिंह की मौत की खबर मिलते ही झांसी के एडीएम प्रशासन अरुण कुमार सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारी तुरंत लखनऊ पहुंच गए।

अशोक कुमार सिंह का शव वहां से उनके गृह जनपद चंदौली ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन पर झांसी के जिलाधिकारी अविनाश कुमार सहित सभी प्रशासनिक अधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। झांसी कलक्ट्रेट में शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत एडीएम को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी अशोक कुमार सिंह को 19 फरवरी 2023 को झांसी जिले में एडीएम नमामि गंगे के रूप में नियुक्त किया गया था। मूल रूप से वे चंदौली जिले के मेढना गांव के निवासी थे। उनकी सेवानिवृत्ति जून 2025 में होनी थी। इससे पहले उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर, अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया था।

हार्ट अटैक के लगातार बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता को बढ़ा दिया है। चिकित्सक लोगों को इस बारे में सतर्क रहने और समय पर जांच कराने की सलाह दे रहे हैं। झांसी जिले में केवल दो दिनों के भीतर 15 हार्ट अटैक के मरीजों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा, जिले में तैनात एक न्यायिक अधिकारी को भी हार्ट अटैक आने के बाद इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।


झाँसी, देश और दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. jhansivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.