झांसी न्यूज डेस्क: झांसी से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां हिस्ट्रीशीटर रवि अहिरवार उर्फ 'घोड़ा' को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार देर रात SOG और सदर थाने की पुलिस ने सिमराहा जंगल में उसे घेर लिया, लेकिन रवि ने खुद को बचाने के लिए गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार रवि अहिरवार कुछ महीने पहले NDPS एक्ट के तहत जेल गया था और पांच महीने पहले ही रिहा हुआ था। बाहर आते ही वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गया। हाल ही में उसने खिरकपट्टी के एक स्कूल में घुसकर वहां की प्रधानाध्यापिका भगवती सिंह पर जानलेवा हमला किया। गला दबाकर मारने की कोशिश की और सीने पर कट्टा सटाकर धमकाया। पुलिस उस वक्त आरोपी की पहचान नहीं कर पाई थी लेकिन जांच में साफ हो गया कि हमला करने वाला रवि ही था।
घटना के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि रवि बाइक से सिमराहा गांव की ओर जा रहा है। इसी आधार पर पुलिस ने जंगल में घेराबंदी की। फायरिंग के दौरान रवि को पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी बहुत चालाक है और फुर्ती से जंगल में भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की तैयारी मजबूत थी।
SP सिटी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि रवि अहिरवार बेहद खतरनाक किस्म का अपराधी है। उस पर हत्या, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में 13 केस दर्ज हैं। उसे पहले भी हत्या के एक मामले में सजा मिल चुकी है। पुलिस अधिकारियों ने उसे सनकी और हिंसक मानसिकता वाला बताया है, जो कभी भी किसी पर हमला कर सकता है। उसका पकड़ा जाना पुलिस की एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।